You are currently viewing महानायक अमिताभ बच्चन को मिलेगा दादा साहेब फाल्के पुरस्कार, प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट कर दी जानकारी

महानायक अमिताभ बच्चन को मिलेगा दादा साहेब फाल्के पुरस्कार, प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट कर दी जानकारी

नई दिल्ली: महानायक अमिताभ बच्चन को दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इस बात की जानकारी सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट करके दी। जावड़ेकर ने अपने ट्वीट में लिखा, महानायक अमिताभ बच्चन को, जिन्होंने दो पीढ़ियों तक हमारा मनोरंजन किया और हमें प्रेरणा दी है, उन्हें पूर्ण सहमति से दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिए चुना गया है। पूरा देश और अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस घोषणा पर खुश है। उनको मेरी दिली शुभकामनाएं।

अमिताभ बच्चन को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर बधाई दी है। राजनाथ सिंह ने लिखा कि, अमिताभ बच्चन हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में हैं जिन्होंने लम्बे समय तक सिने प्रेमियों के दिलों पर राज किया है। पाँच दशक में उन्होंने अनेक फ़िल्मों में अपनी अभिनय कला एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्हें दादा साहब फाल्के सम्मान मिलने की बधाई एवं शुभकामनाएँ।

दादा साहेब फाल्के पुरस्कार
दादा साहब फाल्के पुरस्कार भारत सरकार की ओर से दिया जाने वाला एक वार्षिक पुरस्कार है, जो किसी व्यक्ति विशेष को भारतीय सिनेमा में उसके आजीवन योगदान के लिए दिया जाता है। इस पुरस्कार का प्रारम्भ दादा साहब फाल्के के जन्म शताब्दि-वर्ष 1969 से हुआ। उस वर्ष राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार के लिए आयोजित 17वें समारोह में पहली बार यह सम्मान अभिनेत्री देविका रानी को प्रदान किया गया। तब से अब तक यह पुरस्कार लक्षित वर्ष के अंत में अथवा अगले वर्ष के आरम्भ में ‘राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार’ के लिए आयोजित समारोह में प्रदान किया जाता है। वर्तमान में इस पुरस्कार में 10 लाख रुपये और स्वर्ण कमल दिए जाते हैं।