You are currently viewing 1984 दंगो और सिख सैनिकों को लेकर सुखबीर बादल ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, कही ये बात

1984 दंगो और सिख सैनिकों को लेकर सुखबीर बादल ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, कही ये बात

चंड़ीगढ़ः 1984 के सिख दंगा मामले को लेकर शिरोमणि अकाली दल सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल ने पीएम नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने उन 309 जवानों की बात की है, जिनका कोर्ट मार्शल किया गया था। सुखबीर बादल ने लिखा कि भारत सरकार को उन सभी सिख सैनिकों को आरोपों से बरी कर देना चाहिए, जिनका कोर्ट मार्शल किया गया था। बादल ने लिखा कि सेना से भगोड़े करार दिए गए इन सैनिकों से सभी आराेप वापस लिए जाएं और उनको भूतपूर्व सैनिक का दर्जा दिया जाए। उनको इसके अनुरूप सारी सुविधाएं दी जाए।

सुखबीर बादल ने पत्र लिखकर कहा है कि आज ही के दिन उस समय की रूलिंग पार्टी कांग्रेस ने एक बर्बर कार्यक्रम, सिख अल्पसंख्यकों के खिलाफ चलाया था। 10,000 से ज्यादा सिखों का कत्लेआम भरे दिन में दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में किया गया था। अभी तक सिखों के हत्यारे सजाओं से दूर है और मारे गए सिखों के परिवार वाले न्याय की उम्मीद में 35 साल से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे सभी अपराधियों को तुरंत सजा दी जाए।

गौरतलब है कि जून 1984 में सिखों के अमृतसर स्थित पावन स्थल हरिमंदिर साहब पर सैन्य कार्रवाई हुई थी। इसके विरोध में भारतीय सेना के सैकड़ो सैनिक बागी हो गए थे। इनके खिलाफ कोर्ट मार्शल की कार्रवाई हुई थी और कई को सजा भी हुई थी। इनमें से अनेक को फौज में फिर शामिल किया गया था। सिख समुदाय ने इन्हें ‘धर्मी फ़ौजी’ कहा। सुखबीर सिंह बादल इन्हीं 309 सैनिकों का मुद्दा उठा रहे हैं।